राजस्थान से गुजर रही कांग्रेस की ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा अपनी पूरी रफ्तार के साथ जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी इस अभियान का कल 16 दिसंबर को 100 दिन पूरा हो जाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर 16 दिसंबर की शाम को जयपुर में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायिका सुनिधि चौहान शामिल होंगी। इससे पहले शाम में राहुल गांधी जयपुर में कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे।
गुरुवार सुबह एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने बताया कि आज भारत जोड़ो यात्रा का 99वां दिन है। कल यानी कि 16 दिसंबर को यात्रा का 100 दिन पूरा होगा। इस दिन शाम के 4 बजे जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए कार्यालय में राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे और शाम 7.30 बजे जयपुर के ही अल्बर्ट हॉल में भारत जोड़ो कंसर्ट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सुनिधि चौहान मुख्य गायिका होंगी। 16 तारीख को शाम में पदयात्रा नहीं होगी। सुबह के सत्र में ही यात्री 6 बजे से 11 बजे तक 23 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे
इससे पहले कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह दौसा जिले के गोलिया गांव से शुरु हुई। सुबह में कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग यात्रा के स्वागत के लिए मौजूद थे। सुबह के सत्र में पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी ने मुख्य रूप से तीन समूहों से बातचीत की। पहला राइट टू हेल्थ के लिए काम कर रहा डॉक्टर्स का एक समूह था। इन लोगों ने गहलोत सरकार द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। इनका कहना था कि स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जाए।