प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतारने के बाद से ही प्रियंका के लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। कभी उत्तरप्रदेश की राजबरेली, कभी अमेठी तो कभी बनारस से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की खबरें मीडिया में आई।
वहीं भोपाल लोकसभा सीट और मुम्बई सेंट्रल सीट से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़वाने की मांग भी स्थानीय नेताओं ने पार्टी आलाकमान से की।
ऐसे में अब पंजाब की फ़िरोज़पुर कमेटी ने तो बाकायदा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास करके प्रियंका गांधी को फिरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारने की मांग की है। फिरोजपुर कांग्रेस कमेटी की ओर से विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बताया कि कांग्रेस के तमाम नेताओं ने सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव पास करके सोनिया गांधी और राहुल गांधी को भेज दिया है। अब प्रियंका गांधी को तय करना है कि उन्हें चुनाव कहां से लड़ना है लेकिन फिरोजपुर कांग्रेस के नेता चाहते हैं कि वह फिरोजपुर से चुनाव लड़ें।
गौरतलब है कि पूर्वी यूपी की कमान थामने के बाद से प्रियंका गांधी वाड्रा को अपने क्षेत्र से चुनाव लड़वाने के लिए लगातार मांगें उठ रही हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के मुंबई सेंट्रल सीट से भी प्रियंका गांधी को खड़ा करने की मांग की गई थी। कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री नसीम खान ने इसके लिए प्रस्ताव पास करने की बात कही। इससे पहले उत्तर प्रदेश के ही कई जिलों से प्रियंका को बतौर उम्मीदवार उतारने की मांग की गई है।