भारतीय जनता पार्टी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के खिलाफ एफआईआर के बाद मुंबई पुलिस उन्हें समन भेजकर 22 जून को हाजिर होने के लिए कहा गया है। हाल ही में एक टीवी डिबेट के दौरान पैंगबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। धारा 295A, 153A, 505B के तहत केस दर्ज किया गया है। नूपुर शर्मा एक निजी टीवी चैनल की डिबेट में हिस्सा लेने पहुंची थीं। यह डिबेट वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद पर थी। आरोप है, उन्होंने इसी दौरान इस्लाम के पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित टिप्पणी की। इसके बाद से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग हो रही है।
कौन हैं नूपुर शर्मा
भाजपा नेता नूपुर शर्मा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़कर चर्चा में आई थीं। वह 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार थीं। वर्तमान में वह भाजपा दिल्ली की प्रदेश कार्यकारिणी समिति की सदस्य हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2008 में एबीवीपी की ओर से छात्र संघ चुनाव जीतने वाली एकमात्र उम्मीदवार थीं।
खाडी देशों के साथ पाकिस्तान ने की भारत की निंदा
खाडी देशों के बाद पाकिस्तान ने सोमवार को भारतीय उच्चायोग के प्रभारी को तलब करके आधिकारिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया। सऊदी अरब, बहरीन और अफगानिस्तान ने भी बीजेपी के पूर्व प्रवक्ताओं के विवादित बयान की निंदा की है। इससे पहले कतर, कुवैत और ईरान ने भारतीय राजदूतों को तलब किया था।
भारत ने दिया जवाब
पैगंबर पर कमेंट से जुड़े विवाद पर इस्लामिक देशों की बढ़ती आलोचना का भारत ने कड़ा जवाब दिया है। भारत सरकार ने 57 इस्लामिक देशों के संगठन (ओआईसी) के बयान को छोटी सोच और गुमराह करने वाला बताया है।
पाकिस्तान को दिया कड़ा जवाब
खासतौर पर पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की आलोचना पर विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘एक ऐसा देश, जहां अल्पसंख्यकों के अधिकारों का लगातार उल्लंघन होता है… किसी दूसरे देश में अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे बर्ताव पर उसका कमेंट हमारे गले नहीं उतर रहा है।’ मालूम हो कि सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने पैगंबर पर टिप्पणी को लेकर अपने दो प्रवक्ताओं को हटा दिया था। फिर भी OIC ने बयान जारी कर भारत की आलोचना की और मुस्लिम राष्ट्रों से इस मुद्दे पर एकजुट होने को कहा।